कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड-सी व डी परीक्षा-2025 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। स्किल टेस्ट के मूल्यांकन में त्रुटियों की शिकायतों के बाद रोकी गई अनंतिम आवंटन सूची की समीक्षा पूरी होने के बाद नई सूची जारी की गई है।
संशोधित परिणाम में ग्रेड-सी के 232 और ग्रेड-डी के 1483 अभ्यर्थियों का अनंतिम आवंटन किया गया है। एसएससी ने 18 जून को पहली अनंतिम आवंटन सूची जारी की थी लेकिन मूल्यांकन संबंधी शिकायतें मिलने पर 19 जून को उसे स्थगित कर दिया गया था।
आयोग के अनुसार, पांच से आठ मई के बीच ऑनलाइन विकल्प-सह-वरीयता (ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस) भरने वाले 10,132 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए विचार किया गया है। बेहतर आवंटन सुनिश्चित करने के लिए स्लाइडिंग मैकेनिज्म लागू किया है।
इसके तहत चयनित अभ्यर्थी चार और पांच अगस्त को एसएससी की वेबसाइट पर जाकर अपना शहर, तिथि और स्लॉट चुन सकेंगे। स्लाइडिंग प्रक्रिया 11 और 12 अगस्त को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के शहरों में होगी। ग्रेड-सी में सामान्य वर्ग के लिए पांच प्रतिशत व आरक्षित वर्ग के लिए सात प्रतिशत तक की त्रुटियां स्वीकार्य होंगी। वहीं ग्रेड-डी में सामान्य वर्ग के लिए सात प्रतिशत व आरक्षित वर्ग के लिए 10 प्रतिशत तक की त्रुटियां मान्य रहेंगी।
समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के लिए टाई-ब्रेकिंग नियम भी जारी किए गए हैं। पहले अंग्रेजी भाषा व समझ के अंक फिर सामान्य जागरूकता के अंक के बाद अधिक आयु वाले अभ्यर्थी और अंत में नामों के वर्णाक्रम के आधार पर वरीयता तय की जाएगी। एसएससी ने दो अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द कर दी है जबकि सात अभ्यर्थियों को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों की ओर से प्रतिबंधित किया गया है।