कोरोना के लगातार बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कई भर्ती परीक्षाओं की मेडिकल परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। आयोग की वेबसाइट पर इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर यह फैसला किया गया है। एसएससी की ओर से जो मेडिकल परीक्षाएं स्थगित की गई हैं उनमें सीएपीएफ में कांस्टेबल जीडी और दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ में सब इंसपेक्टर, सीआईएसएफ में असिस्टेंट सब इंसपेक्टर की परीक्षाएं शामिल हैं।
सीएपीएफ में कांस्टेबल जीडी, एनआईए, एसएसएफ और असम राइफल परीक्षा-2018 में राइफलमैन जीडी परीक्षा 26 मार्च से सात अप्रैल के बीच होनी थी। आयोग की ओर से इसके साथ ही दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ में सब इंसपेक्टर, सीआईएसएफ में असिस्टेंट सब इंसपेक्टर परीक्षा 2018 के बचे अभ्यर्थियों की मेडिकल परीक्षा जो 23 से 30 मार्च के बीच प्रस्तावित थी स्थगित कर दी गई है। एसएससी की ओर से इससे पहले भी कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) परीक्षा 2019 को परीक्षा शुरू होने के बाद स्थगित कर दिया था जबकि आयोग ने जूनियर इंजीनियर परीक्षा 2019 को भी स्थगित कर दिया है। आयोग की ओर से अब इन परीक्षाओं की नई तिथि कोरोना का खतरा कम होने के बाद ही घोषित किया जाएगा।