ssc phase 8 online examination to be held from today
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से सेलेक्शन पोस्ट फेज-8 की ऑनलाइन परीक्षा छह, नौ एवं 10 नवंबर को होगी। आयोग की ओर से परीक्षा तीन पालियों में (10-11 बजे, 1-2 बजे एवं 4-5 बजे) होगी। आयोग की ओर से यह परीक्षा अलग-अलग तीन स्तर में मैट्रिक, हायर सेकेंडरी एवं स्नातक स्तर पर होगी। एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से यह परीक्षा यूपी-बिहार में होनी थी, लेकिन बिहार में चुनाव के चलते वहां परीक्षा स्थगित कर दी गई है। बिहार में यह परीक्षा 14 दिसंबर को होगी। यूपी में परीक्षा में कुल 78 हजार 50 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसमें मैट्रिक में 22 हजार 708, हायर सेकेंडरी में 31 हजार 323, स्नातक में 24 हजार 19 परीक्षार्थी शामिल होंगे। मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि परीक्षा के लिए प्रदेश में कुल छह जिलों में केंद्र बनाया गया है। इसमें आगरा में छह केंद्र, बरेली में एक, कानपुर में आठ, लखनऊ में 10, मेरठ में दो, प्रयागराज में छह केंद्र बनाए गए हैं।