कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के पूर्वी क्षेत्र ने संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा-2025 के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में उपनिरीक्षक (हिंदी अनुवादक) पद के लिए शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी शुक्रवार से एसएससी (ईआर) की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। पीएसटी 17 अगस्त को निर्धारित केंद्रों पर होगा। एसएससी ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र, तिथि और समय अंतिम होंगे। इनमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
पीएसटी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (डीवी), विस्तृत चिकित्सीय परीक्षण (डीएमई) और आवश्यकता पड़ने पर पुनरीक्षण चिकित्सीय परीक्षण (आरएमई) की प्रक्रिया से भी गुजरना होगा। यह प्रक्रिया लगभग एक सप्ताह तक चल सकती है। एसएससी ने सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक मूल प्रमाणपत्र और आवेदन में दर्ज विवरण से संबंधित दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए हैं।