लॉकडाउन के बीच कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने पूर्व में घोषित तीन परीक्षाओं के परिणाम अगली सूचना तक स्थगित कर दिए हैं। आयोग की ओर से कहा गया कि जूनियर इंजीनियर परीक्षा (दूसरे प्रश्नपत्र) 2018, मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) परीक्षा 2019 दूसरे प्रश्नपत्र एवं संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा 2018 टियर-3 के परिणाम की घोषणा को रोक दिया गया है।
आयोग की ओर से जूनियर इंजीनियर 2018 का परिणाम नौ अप्रैल, मल्टी टास्किंग स्टाफ 2019 का परिणाम 30 अप्रैल और सीजीएल 2018 टियर-3 का परिणाम आठ मई को घोषित किया जाना था। इससे पहले आयोग की ओर से सीएचएसएल परीक्षा, स्टेनोग्राफर परीक्षा को स्थगित किया जा चुका है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद आयोग की ओर से परीक्षा और परिणाम की नई तिथि घोषित की जाएगी।