सीजीएल टियर-थ्री में निबंध एवं पत्र लेखन की हुई परीक्षा
80 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित, परखी गई लेखन क्षमता
प्रयागराज। हजारों छात्रों ने एक रेस्टोरेंट के मैनेजर को पत्र लिखकर वहां मिलने वाले भोजन की खराब गुणवत्ता और सर्विस की शिकायत की। किस छात्र ने कितने प्रभावी तरीके से पत्र लिखा, यह कॉपियों के जांचे जाने के बाद स्पष्ट होगा। कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) टियर-थ्री के तहत निबंध एवं पत्र लेखन की इस ऑफलाइन परीक्षा में 80.37 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से सीजीएल-2018 के टियर-थ्री के तहत रविवार को प्रयागराज के 23 केंद्रों में सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक निबंध एवं पत्र लेखन की परीक्षा आयोजित की गई। छात्रों को वर्तमान समय पर शिक्षा के महत्व पर निबंध लिखना था। वहीं, पत्र लेखन के तहत रेस्टोरेंट में भोजन की खराब सर्विस एवं गुणवत्ता को लेकर रेस्टोरेंट मैनेजर को पत्र लिखना था। प्रयागराज में परीक्षा के लिए 9599 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 7715 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
सबसे अधिक 85.16 फीसदी उपस्थिति आर्य कन्या इंटर कॉलेज (इंग्लिश मीडियम) ब्लॉक-सी परीक्षा केंद्र में रही। इस केंद्र में परीक्षा के लिए 283 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 241 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। वहीं, उपस्थिति के मामले में दूसरे नंबर पर लाल बिहारी गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र रहा। वहां 432 में से 363 अभ्यर्थी (84.03 फीसदी) उपस्थित रहे। तीसरे नंबर पर केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही। यहां 432 में से 360 अभ्यर्थी (83.33 फीसदी) उपस्थित रहे।
जेई पेपर-टू की परीक्षा में 85 फीसदी रही उपस्थिति
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से जूनियर इंजीनियर (जेई) पेपर-टू परीक्षा-2018 रविवार को प्रयागराज के केंद्रों में आयोजित की गई। इसमें 85.39 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा के लिए इन छह केंद्रों में 2601 परीक्षार्थी पंजीकृत थे और इनमें से 2221 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। सबसे अधिक 87.73 फीसदी उपस्थित प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज में रही। इस केंद्र में 432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 379 उपस्थित रहे।