इलाहाबाद। एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय में न्यायमूर्ति राम भूषण मेहरोत्रा की स्मृति में ‘आरबी मेहरोत्रा पोस्ट ग्रेजुएट फैकेल्टी’ के नाम पर परास्नातक कक्षाएं शनिवार को शुरू हुईं। न्यायमूर्ति राम भूषण की पत्नी सरोजनी मेहरोत्रा ने 20 लाख रुपये का चेक सहयोग राशि के रूप में कालेज को प्रदान किया। इस मौके पर आयोजित ‘प्रवर्तन’ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रतन लाल हांगलू ने प्राचार्य डॉ.शिप्रा सान्याल को चेक दिया।
कम्युनिटी कालेज के अंतर्गत एक वर्षीय शार्ट हैंड एवं टाइपिंग डिप्लोमा कोर्स भी चलता है। इसमें 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति पर 21 छात्राओं को यूजीसी की 12-12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस मौके पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्राचार्य के साथ डॉ.संध्या अरोरा, डॉ.रेखा रानी के निर्देशन में छात्राओं की कजरी नृत्य ‘घिर आए है कारी बदरियां’ को लोगों ने खूब सराहा। डॉ.आशा उपाध्याय और डॉ.श्रुति आंनद के निर्देशन में कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ। कुलपति प्रोफेसर हांगलू ने छात्रा परिषद की अध्यक्ष चुनी गईं यशी जायसवाल, उपाध्यक्ष कायनात फात्मा, सचिव सदफ और संयुक्त सचिव पल्लवी सिंह को सैस एवं बैज प्रदान किया। प्रोफेसर हांगलू ने कहा कि छात्राएं आगे बढ़ रही हैं। विश्वविद्यालय की कोशिश है कि छात्राओं को विदेश में पढ़ने के लिए भेजा जाए। इससे पहले कालेज अधिशासी निकास के अध्यक्ष राजीव खन्ना और प्राचार्य ने कुलपति का स्वागत किया। डॉ.लालिमा सिंह ने संचालन किया। इस मौके पर न्यायमूर्ति अरुण टंडन, दिलीप मेहरोत्रा, डॉ.आरके टंडन, अमित खन्ना, मीना टंडन, रचना आनंद, नीरजा सचेदव, शिवशंकर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।