डिलीवरी रूम और इमरजेंसी वार्ड की भी मिलेगी सुविधा
उन्होंने बताया कि महाकुंभ में मेल, फीमेल और चिल्ड्रन वार्ड अलग-अलग तैयार किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त डिलीवरी रूम, इमरजेंसी वार्ड और डॉक्टर्स रूम भी रहेंगे। जांचों की भी विशेष व्यवस्था होगी। जिससे यहां आने वाले किसी एक भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। विशेष तौर पर सामान्य जांच के बाद मरीज को तत्काल दवा उपलब्ध कराने का भी पूरा इंतजाम रहेगा।
श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएंगी
इसके साथ ही विशेष सुविधाओं वाले 20-20 बेड के आठ छोटे अस्पताल भी श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए तैयार किया जा रहे हैं। मेला क्षेत्र और अरैल में 10-10 बेड के दो आईसीयू, आर्मी हॉस्पिटल की ओर से बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। वहीं, झूंसी के 25 बेड वाले अस्पताल में 10 बेड का आईसीयू एम्स रायबरेली बनाएगा, जहां 24 घंटे मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए दो अस्पतालों में तैनात रहेंगे विशेषज्ञ
दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अंदाजा है। जिसके मद्देनजर सभी को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य है। इसी उद्देश्य के तहत देश-विदेश से महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। इसमें सामान्य अस्पतालों के अलावा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए भी दो अस्पतालों का इंतजाम किया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी।