महाकुंभ से जुड़ी स्पेशल ट्रेनों को ट्रैक मिल गए हैं। स्पेशल ट्रेनें 14 जनवरी से शुरू होकर जनवरी से मार्च तक चलेंगी। इस दफे स्पेशल ट्रेनों की दूरी भी बढ़ाई जा रही है। रेलवे प्रशासन पहली बार छपरा, गोरखपुर और सतना के लिए ट्रेनें चलाने जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे ने बुधवार को स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर दी। उत्तर मध्य रेलवे भी अगले सप्ताह स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी घोषित करने जा रहा है। दिसंबर में ही उत्तर रेलवे की ट्रेनों के रूट, स्थान और दिन घोषित हो जाएंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे छपरा से गाड़ी संख्या 09001, 09003, 09005 झूंसी और रामबाग सिटी के लिए नौ, सात, और आठ फरवरी को एक-एक स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेनें 10 और 11 फरवरी को लौटेंगी। यह गाड़ियां छपरा-वाराणसी के बीच सभी स्टेशनों पर रोकी जाएंगी।
मऊ से गाड़ी 05001 सात, आठ और नौ फरवरी की सुबह 11.30 बजे छूटेगी। गोरखपुर से गाड़ी संख्या 07002, 07003 सात और आठ फरवरी की शाम सात बजे छूटेगी। भटनी से गाड़ी संख्या 6001 आठ, नौ फरवरी, गाड़ी 06003 छह, सात, आठ और नौ फरवरी की सुबह 11 बजे, 06005 छह, सात और आठ फरवरी की शाम 7.55 बजे और 06007 सात और आठ फरवरी की रात 11.30 बजे मिलेगी। मंडुआडीह से गाड़ी 08001 सुबह 7.20 बजे, 08003 10.30 बजे, 08005 अपराह्न 14.15 बजे, 08007 शाम 7.50 बजे और 08009 रात 22.30 बजे छूटेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक के मुताबिक स्पेशल ट्रेनें 12 जनवरी से शुरू होंगी। ये अलग-अलग दिनों में 11 मार्च तक चलाई जाएंगी। इसके साथ ही मेला अवधि में गोरखपुर-वाराणसी-इलाहाबाद और छपरा-वाराणसी-इलाहाबाद खंड पर चलने वाली नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने और अतिरिक्त ठहराव देने की तैयारी चल रही है।
एनसीआर की स्पेशल ट्रेनों के लिए इलाहाबाद और नैनी जंक्शन पर तारीख के साथ ही प्लेटफार्म भी तय किए जा रहे हैं। डीआरएम हरींद्र राव के मुताबिक नैनी से झांसी, बांदा और सतना की स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इलाहाबाद जंक्शन से कानपुर, मुगलसराय, सतना और झांसी की ट्रेनें लाई जाएंगी। उत्तर रेलवे की स्पेशल ट्रेनों की तिथि भी जल्द ही घोषित करने के लिए रेलवे बोर्ड का दबाव बताया जा रहा है।