रेलवे ने विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम जाने वाले देवी भक्तों को राहत दी है। चैत्र नवरात्र के मौके पर रेलवे द्वारा प्रयागराज से पटना के बीच स्पेशल ट्रेन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसका ठहराव दोनों ओर से विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर रहेगा। 19 मार्च से दो अप्रैल तक इस ट्रेन का संचालन होगा।
प्रयागराज जंक्शन से गाड़ी संख्या 04112 की रवानगी सुबह 11:15 बजे होगी। नैनी, मेजा रोड, मांडा रोड स्टेशन पर रुकते हुए स्पेशल ट्रेन दोपहर 12:40-12:50 बजे विंध्याचल और रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। इस दौरान इसका ठहराव मिर्जापुर, चुनार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, दिलदारनगर, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा, दानापुर में भी होगा। पटना से गाड़ी संख्या 04111 का संचालन रात 9:50 बजे होगा जो सुबह 5:00-5:10 बजे विंध्याचल और 7:15 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस ट्रेन में सभी 12 कोच जनरल श्रेणी के रहेंगे।
लखनऊ से मिर्जापुर के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन भी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इसका ठहराव प्रयागराज जंक्शन और विंध्याचल स्टेशन पर भी होगा। मिर्जापुर से गाड़ी संख्या 04113 का संचालन 19 मार्च से दो अप्रैल तक शाम 4:20 बजे होगा। यह ट्रेन शाम 4:33-4:38 बजे विंध्याचल, शाम 6:10-6:40 बजे प्रयागराज जंक्शन और रात 11:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से गाड़ी संख्या 04114 का संचालन रात 1:00 बजे 20 मार्च से तीन अप्रैल तक होगा। ट्रेन सुबह 5:25-5:55 बजे प्रयागराज जंक्शन, सुबह 7:48-7.53 बजे विंध्याचल और 8:30 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी। एनसीआर के सीपीआरओ ने बताया कि 12 कोच की इस मेमू ट्रेन का ठहराव मांडा रोड, मेजा रोड, नैनी, प्रयाग, कुंडा हरनामगंज, ऊंचाहार, रायबरेली, बछरावां, उतरेटिया स्टेशन पर भी दोनों ओर से रहेगा।