इलाहाबाद(ब्यूरो)। अगर आप पहली जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं तो रविवार को आपके पास वोटर बनने के लिए खास मौका है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से 18 सितंबर को मतदाता पंजीकरण के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शनिवार को आप घर के नजदीक अपने बूथ पर जाकर मतदाता पंजीकरण फॉर्म भर सकते हैं। डीएम संजय कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं कि रविवार को सभी स्कूल खुलवाएं जाएं। वहां बूथ लेबल अफसरों को वोटर लिस्ट और संबंधित फॉर्मों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 19 सितंबर को परेड मैदान पर दिव्यांगों के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन दिव्यांगों से मतदाता पंजीकरण फॉर्म भरवाए जाएंगे, जिनके नाम अब तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किए गए हैं। मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान 18 सितंबर के अलावा 25 सितंबर, नौ अक्तूबर और 23 अक्तूबर को भी चलाए जाएंगे।