SP will also make three district presidents in Prayagraj
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी में भी भाजपा की तर्ज पर प्रयागराज में तीन जिलाध्यक्ष बनाने की तैयारी है। अभी इसकी घोषणा तो नहीं हुई है लेकिन अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वालों से इस बाबत जानकारी मांगी जा रही है।
अभी तक पार्टी में जिला और महानगर स्तर पर संगठन की व्यवस्था है लेकिन बड़ा जिला होने के कारण स्थानीय नेताओं की ओर से सांगठनिक दृष्टि से तीन भाग में बांटने की लंबे समय से मांग की जा रही है। महानगर के अलावा गंगापार और यमुनापार के लिए अलग-अलग इकाई की मांग कई बार उठ चुकी है।
अब शीर्ष नेतृत्व के भी इस पर आगे बढ़ने की बात कही जा रही है। लंबे समय से भंग चल रहीं जिला और महानगर इकाइयों के गठन की कवायद शुरू हो गई है। इसी पखवारा में जिला और महानगर अध्यक्ष के नाम की घोषणा की उम्मीद है। इस बाबत कई नेताओं ने दावेदारी की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उनसे अन्य डिटेल के साथ गंगापार और यमुनापार की बाबत भी जानकारी ली जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि अन्य प्रमुख दलों की तरह सपा में भी तीन जिलाध्यक्ष बनाए जाएंगे।
सपा का मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, आज से धरना
प्रयागराज। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के संभावित उम्मीदवार डॉ.मान सिंह यादव ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में अनशन की घोषणा की है। इस बाबत उन्होंने बृहस्पतिवार को ज्ञापन सौंपा।
डॉ.मान सिंह का कहना है कि पूर्व में 10 से 26 दिसंबर के बीच मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन मांगा गया था लेकिन उन्हें 25 दिसंबर को मतदाता सूची ही उपलब्ध कराई गई। उसमें भी बड़े स्तर पर गड़बड़ी है। उनका कहना है कि दावा और आपत्तियाें के लिए तीन जनवरी तक तिथि बढ़ाई गई लेकिन इसमें अब भी व्यापक गड़बड़ी बनी हुई है। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में नाम मतदाता सूची से गायब हैं। सैकड़ों के नाम, पता आदि में गड़बड़ी है। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर सही और पूर्ण मतदाता सूची प्रकाशित कराने की मांग की। इस मांग को लेकर शुक्रवार से अनशन की घोषणा की। मांग पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी।