नगर कोतवाली के चक थामा गांव में मंगलवार रात सपा नेता के पिता निर्मम हत्या कर दी गई। नलकूप की कोठरी में कातिलों ने धारदार हथियार से गला रेत उन्हें मौत के घाट उतारा। वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल नकदी-गहने भी लूट ले गए। पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंझनपुर कोतवाली के चक थामा गांव निवासी श्रीराम यादव (75) पुत्र बुधराम यादव किसान थे। बेटा बनवारी लाल सपा नेता और स्कूल प्रबंधक हैं। बताया जा रहा है कि श्रीराम गांव के बाहर निजी नलकूप की कोठरी में रहते थे। मंगलवार की रात सपा नेता के पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल मौके से भाग निकले।
सुबह पिता की लाश नलकूप की कोठरी में खून से लथपथ देख परिजन सन्न रह गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वायर्ड और पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे राजेन्द्र यादव की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने गांव के ही नर्वदा प्रसाद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल धनंजय वर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश में वृद्ध की हत्या की गई है। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है और कातिलों का पता लगा रही है।