सपा के जिला सचिव थे पवन यादव
हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव निवासी पवन कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय कामता प्रसाद यादव पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। उनकी मां धनराजी देवी भी गांव की पूर्व प्रधान रही हैं। जबकि पवन यादव वर्तमान में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। परिवार में पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी और बेटा प्रिंस है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पवन अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे। कर्मनाशा मोहल्ले में उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और पास स्थित एक कैफे में दोस्तों से बातचीत करने चले गए।
बाइक पर आए थे तीन बदमाश
करीब दो घंटे बाद शाम करीब 5:20 बजे बजे वह कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे। जैसे ही बैठने लगे तो प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पवन को सटाकर बनाकर फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन को हंडिया कस्बे के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद वाराणसी की ओर भागे बदमाश
वाारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से वाराणसी की ओर भाग निकले। हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
पवन का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू
वारदात के बाद पुलिस ने मृतक पवन यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल में दर्ज कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य जानकारियों को खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले पवन यादव की किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी। साथ ही पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटाई रही है। साथ ही पता लगा रही है कि उनका किसी व्यक्ति से धमकी या विवाद तो नहीं था।
पुराना विवाद आ रहा सामने
पवन यादव की हत्या के पीछे पुराना विवाद भी सामने आ रहा है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर पुलिस विवाद से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।