सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े पर एक और गिरफ्तार
लिखित परीक्षा में बैठाया था सॉल्वर, फोटो सत्यापन में पकड़ी गई गड़बड़ी
प्रयागराज। सिपाही भर्ती परीक्षा 2018 में फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। सुनील कुमार नाम के इस अभ्यर्थी के खिलाफ कर्नलगंज थाने में धोखाधड़ी व परीक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 2018 में पुलिस व पीएसी के लिए आरक्षियों की भर्ती आयोजित की गई थी। फरवरी में लिखित परीक्षा हुई थी और इन दिनों लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन व शारीरिक मानक परीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को 15 ऐसे अभ्यर्थी पकड़े गए थे, जिनका अंगूठे का निशान व फोटो का मिलान नहीं हुआ। बाद मेें पूछताछ में खुलासा हुआ था कि इन्होंने लिखित परीक्षा में अपनी जगह किसी और को बैठाया था।
जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज करते हुए कर्नलगंज पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था। बुधवार को सुनील कुमार नाम के एक अभ्यर्थी के भी अंगूठे का निशान व फोटो का मिलान नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि एक दिन पहले पकड़े गए अभ्यर्थियों की तरह उसने भी लिखित परीक्षा में अपनी जगह किसी और को बैठाया था। जिसके बाद ड्यूटी में लगे एसआई चंद्रजीत सिंह यादव की ओर से तहरीर देकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कॉर्बन कॉपी लेकर गई महिला अभ्यर्थी, रिपोर्ट
प्रयागराज। टीईटी में गड़बड़ी पर जार्जटाउन थाने में महिला अभ्यर्थी अनुपमा दिवाकर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, परीक्षा के लिए अल्लापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को भी केंद्र बनाया गया था। प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह का आरोप है कि पहली पाली की परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या नौ में परीक्षा दे रही अभ्यर्थी ओएमआर की कॉर्बन कॉपी लेकर चली गई। उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर प्रीतमनगर के राकी राज इंटर कॉलेज में टीईटी के दौरान अभ्यर्थी नकल करते पकड़ा गया। कॉलेज व्यवस्थापक ब्रम्हानंद का आरोप है कि झूंसी के कसेरुवा खुर्द निवासी प्रमोद कुमार सिंह को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। जिसपर उसके खिलाफ धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।