इलाहाबाद के कौंधियारा इलाके में एक बेटे ने खर्च का पैसा न देने पर अपनी ही माँ को फावड़े से हमला करके मौत के घाट उतार दिया । बेटे को शक था कि माँ दूसरे बेटों को, यानी हत्यारे युवक के भाईयों को पैसा देती है और उसे नहीं देती। इसी शक में उसने मा पर फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
घटना कौंधियारा थाना क्षेत्र के मिश्रा पुर बांध गांव की है, जहां राम कैलाश अपनी पत्नी रामप्यारी और चार बच्चों के साथ रहता है। राम कैलाश का आरोप है कि शुक्रवार सुबह बड़े बेटे कुंवर बहादुर ने मां रामप्यारी से खर्च के लिए 50 रुपए मांगे, जिसपर मां ने इंकार कर दिया।
इससे आक्रोशित बेटे ने गुस्से में अपनी मां को पीटना शुरू कर दिया। अपने भाई को ऐसा करते देख छोटी बहन उषा ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी अपना आपा खो चुका था। उसने पास ही रखे फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया।
शोरगुल सुनकर मौके पर गांव वाले इकट्ठा हो गए, और आरोपी को पकड़ कर जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस के पहुंचने पर गांववालों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।