फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईकोर्ट : माता-पिता की हत्या में बेटे को मिली फांसी की सजा रद्द, चश्मदीदों के बयानों में मिले विरोधाभास

Sat, 28 Nov 2026 05:32 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

माता-पिता की हत्या में बेटे को मिली फांसी की सजा इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दी। अदालत ने चश्मदीदों के बयानों में विरोधाभास, घटना के समय में अंतर और हत्या का मकसद साबित न होने को संदेह का आधार माना।

विज्ञापन
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चश्मदीदों के बयान में विरोधाभास संदेह का मजबूत कारण बन सकता है। इस टिप्पणी के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट ने माता-पिता की हत्या में बेटे को मिली फांसी की सजा रद्द कर दी। साथ ही मृत्युदंड की पुष्टि के लिए ट्रायल कोर्ट से भेजे गए रेफरेंस को भी खारिज कर दिया।

विज्ञापन


न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय और न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्रा की खंडपीठ ने कहा कि कथित चश्मदीद गवाहों के बयानों में गंभीर विरोधाभास हैं। अभियोजन पक्ष घटना के समय, घटनाक्रम और गवाहों की मौजूदगी को लेकर उठे संदेहों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मामले के अनुसार, 13 अक्तूबर 2020 को बरेली स्थित घर में लालता प्रसाद और उनकी पत्नी मोहिनी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि उनके बेटे दुर्वेश ने वारदात को अंजाम दिया।

मुकदमा आरोपी के भाई उमेश कुमार की तहरीर पर दर्ज हुआ था। जनवरी 2024 में ट्रायल कोर्ट ने दुर्वेश को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ दुर्वेश ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

चश्मदीद गवाह और एफआईआर में विरोधाभास

कोर्ट ने पाया कि एफआईआर में घटना का समय सुबह चार बजे बताया गया, जबकि कथित चश्मदीद उमेश ने अदालत में घटना सुबह 6:15 बजे होने की बात कही। उसने बताया कि वह पत्नी के साथ माता-पिता को चाय देने जा रहा था। हालांकि, एफआईआर में चाय ले जाने और हत्या को अपनी आंखों से देखने का कोई उल्लेख नहीं था। मेडिकल रिपोर्ट में मौत का संभावित समय सुबह 3 से 3:40 बजे के बीच बताया गया था।

कोर्ट ने दोनों कथित चश्मदीदों के बयानों में हमले के क्रम और घटनास्थल पर मृतकों की मौजूदगी को लेकर भी विरोधाभास पाया। महिला गवाह का बयान घटना के करीब 15 दिन बाद दर्ज किया गया, जिसकी देरी का अभियोजन पक्ष कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका।

कोर्ट ने कहा कि हथियार और खून से सने कपड़ों की बरामदगी मात्र से यह साबित नहीं होता कि उनका इस्तेमाल अपराध में हुआ। अभियोजन हत्या का मकसद भी साबित नहीं कर सका। इन सभी परिस्थितियों से अभियोजन की कहानी संदेह के घेरे में आ गई। लिहाजा संदेह का लाभ देते हुए आरोपी को बरी कर दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें