ग्राम चकश्याम में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पानी की टंकी से आसपास के करीब दो सौ घरों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। 21 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे तक पंप सुचारु रूप से चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को सुबह चकश्याम निवासी पंप ऑपरेटर परवेज अहमद के पहुंचने पर पंप बंद मिला। देखने पर पता चला कि सोलर पैनल का केबल काटकर चोरी हो चुकी है। केबल चोरी होने से जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। सूचना पर पहुंची मऊआइमा पुलिस ने मौके पर जांच की। पंप ऑपरेटर परवेज अहमद ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि इसी पानी टंकी से कुछ दिन पहले बैटरी भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।