सीवरेज कार्य में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, कहीं-कहीं दूषित जलापूर्ति
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की लापरवाही, धंसी सड़क, हुए गड्ढे
प्रयागराज। अल्लापुर के आधा दर्जन मोहल्लों में रहने वाले हजारों लोगों को रविवार सुबह पानी नहीं मिला। कम दबाव पर कहीं-कहीं दूषित जलापूर्ति भी परेशानी का कारण बनी। दोपहर बाद लोग बाल्टी डिब्बा लेकर पानी भरने को भटकते रहे। कई बार शिकायत के बाद भी गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत शुरू नहीं कराई।
डड़िया रोड पर गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की ओर से सीवरेज कार्य कराया जा रहा है। शनिवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान दस इंच वाली मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धार से सड़क पर पानी भरा और घरों में पेयजल संकट गहरा गया। आसपास की सड़क भी जलभराव से धंस गई है। मौके पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। रविवार सुबह कई मोहल्लों के लोगों को पानी नहीं मिला।
अल्लापुर के डड़िया रोड, नेता चौराहा, माली चौराहा, रामानंद नगर, सोहबतियाबाग समेत अन्य मोहल्लों में नलों से पानी नहीं आया। रामानंद नगर के हरिकेश सिंह के मुताबिक जलकल विभाग ने शिकायत दूर से करने से पल्ला झाड़ लिया है। रामजी मिश्रा ने बताया कि कई बार फोन करने के बाद बताया गया कि गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई मरम्मत का काम कराएगी।
नागरिक संघर्ष मोर्चा के संयोजक शिवसेवक सिंह ने बताया कि कई दिन से दूषित जलापूर्ति की शिकायत थी। शनिवार को पाइप टूटने के बाद जलापूर्ति ठप है। लोग परेशान हैं। उन्होंने इसकी शिकायत गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अफसरों से की तो दिन में एक बजे जेई मौके पर आए। उन्होंने बताया है कि क्षतिग्रस्त पाइप जल्द दुरुस्त करेंगे।