बुंदेलखंड एक्सप्रेस की बोगी से धुआं निकलने से शंकरगढ़ स्टेशन पर मचा हड़कंप।
- फोटो : अमर उजाला।
ग्वालियर से बनारस जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के जनरल कोच से अचानक तेज धुआं उठने लगा। सुबह लगभग 5:35 बजे शंकरगढ़ स्टेशन पहुंचते ही लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अचानक धुआं फैलते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीएनडब्ल्यू टीम, स्टेशन कर्मचारी और आरपीएफ जवान मौके पर पहुंच गए। करीब 1 घंटा 10 मिनट की लगातार मशक्कत के बाद कोच में उठ रहे धुएं पर पूरी तरह काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
धुआं नियंत्रित होने तक ट्रेन शंकरगढ़ स्टेशन पर ही खड़ी रही, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को प्रयागरा-बनारस की दिशा में रवाना कर दिया गया। रेल विभाग का उठ रहे धुएं के बारे में कहना है कि किसी यात्री ने बीड़ी या सिगरेट पीकर ट्रेन में लगी प्लाइयों के बीच में डाल दिया था जिस कारण से ट्रेन में धुआं फैल गया। फिलहाल किसी प्रकार की कोई हनी नहीं हुई है। घटना को जल्द ही काबू कर लिया गया।