अगस्त में गुलजार होगा नाइट मार्केट
0 बैठक में कमिश्नर बोले, तेज गति से कराएं काम
0 स्मार्ट सिटी के कार्यों की हर सोमवार होगी समीक्षा
प्रयागराज। लंबे इंतजार के बाद शहर में नाइट मार्केट जल्द शुरू हो जाएंगे। 12 अगस्त तक इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके तुरंत बाद इसे गुलजार करने पर जोर है। स्मार्ट सिटी कंपनी की समीक्षा बैठक में कमिश्नर डॉ. आशीष कुमार गोयल ने स्मार्ट सिटी द्वितीय चरण के प्रस्तावित कार्यों को तेज गति से कराने के निर्देश दिए। निर्णय लिया गया कि अब स्मार्ट सिटी के कार्यों को जल्द पूरा करने और निगरानी के लिए हर सोमवार को समीक्षा बैठक होगी।
कमिश्नर डॉ. गोयल ने स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार को निर्देशित किया कि पार्कों के सुंदरीकरण, ओपेन एयर जिम आदि के लिए स्थल चयन का काम दस दिन मेें पूरा कराएं। कुंभ से निकले कंट्रोल कमांड सेंटर के कैमरों को शहर में स्थापित कर चालू करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए। कहा गया कि जिन 17 सड़कों पर काम होना है, उन्हें जल्द अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। डीपीआर बनाने का काम तेज किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी भानुचंद गोस्वामी, पीडीए वीसी टीके शिबू, सचिव दयानंद, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, निगम के अपर नगर आयुक्त अमरेंद्र वर्मा, चीफ इंजीनियर सतीश कुमार के साथ विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।