जंक्शन पर दो अन्य पुलों को जोड़ेगा स्काई वॉक
पुलों को ऊपर ही ऊपर जोड़ने के लिए स्काई वॉक के दूसरे चरण का काम शुरू
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को ऊपर ही ऊपर जोड़ने केे लिए स्काई वॉक का काम शुरू कर दिया गया है। यहां अब एफओबी संख्या एक को दो से जोड़ा जाएगा। इसकी कुल लंबाई 243 मीटर रहेगी। इसके निर्माण के बाद इलाहाबाद जंक्शन पर तीन एफओबी एक दूसरे से ऊपर ही ऊपर जुड़ जाएंगे।
कुंभ के पूर्व ही जंक्शन पर एफओबी संख्या दो एवं तीन को जोड़ने के लिए 134 मीटर लंबे एवं 6.1 मीटर चौड़े स्काई वॉक का निर्माण किया गया था। इसके निर्माण के पूर्व ही कहा गया था कि इलाहाबाद जंक्शन पर कुल 557 मीटर लंबे स्काई वॉक का निर्माण किया जाना है। ताकि सभी चार एफओबी ऊपर ही ऊपर जुड़ सके। चारों एफओबी के स्काई वॉक से जुड़ने के बाद अगर जाने अनजाने में कोई यात्री किसी एक एफओबी में चढ़ जाता है तो उसे दूसरे एफओबी में जाने के लिए वापस नीचे उतरना और बाद में चढ़ना नहीं पड़ेगा। यात्री ऊपर ही ऊपर एक एफओबी से दूसरे एफओबी में पहुंच जाएंगे। पीआरओ सुनील गुप्ता ने बताया कि दूसरे चरण का काम शुरू हो चुका है। इसके निर्माण के बाद प्लेटफार्म नंबर छह के अलावा बाकी सभी नौ प्लेटफार्म ऊपर ही ऊपर एफओबी के माध्यम से जुड़ जाएंगे। उन्होंने बताया कि तीरे चरण में एफओबी संख्या तीन एवं चार को जोड़ा जाएगा। इसके लिए 180 मीटर लंबा स्काई वॉक बनाया जाएगा।
नौ एस्केलेटर लगाने का भी होगा काम
जंक्शन पर नौ एस्केलेटर लगाने का भी काम होगा। इस दौरान एफओबी संख्या एक पर सिविल लाइंस साइड में नीचे उतरने के लिए, एफओबी संख्या दो पर सिविल लाइंस साइड में उतरने के लिए एवं पावर केबिन के पास उतरने और चढ़ने के लिए एक-एक एस्केलेटर लगेगा। एफओबी संख्या तीन पर आरएमएस के पास सिटी साइड में उतरने के लिए और एफओबी संख्या चार पर प्लेटफार्म संख्या चार/पांच पर चढ़ने एवं उतरने के लिए और प्लेटफार्म नंबर छह पर भी चढ़ने और उतरने के लिए एक-एक एस्केलेटर लगाने का काम शुरू होगा। बता दें कि जंक्शन पर अभी पांच एस्केलेटर लगे हैं, जो सभी एफओबी पर चढ़ने के लिए ही है।