शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सीखो सिखाओ अवार्ड्स से सम्मानित किया जाएगा। जिले की 22 ग्राम पंचायतों ने इन पुरस्कारों के लिए आवेदन किया है। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को चयनित ग्राम पंचायतों को यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सीखो सिखाओ फाउंडेशन नई दिल्ली ने सीखो सिखाओ अवार्ड्स 2026 की घोषणा की है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को शिक्षा विकास में प्रोत्साहित करना है। ग्राम पंचायतों की भूमिका बच्चों के सीखने के लिए अनुकूल वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण है।
उनका कार्य विद्यालय और समुदाय के बीच समन्वय स्थापित करना भी है। संस्था ने प्रदेश को पश्चिम यूपी, केंद्रीय यूपी, पूर्वांचल और बुंदेलखंड में चार क्षेत्रों में बांटा है। प्रत्येक क्षेत्र से एक विजेता और एक उप विजेता को पुरस्कृत किया जाएगा। विजेताओं को तीन लाख रुपये और उप विजेताओं को एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
20 सितंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। इस दौरान कुल 22 ग्राम पंचायतों ने इन अवार्ड्स के लिए आवेदन किया है। इनमें विकास खंड मेजा की गदेवरा, कौधियारा की बेलसरा और अंबा, शंकरगढ़ विकास खंड की मदनपुर आदि ग्राम पंचायतें शामिल हैं। - रविशंकर द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी