बीजेपी नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह
- फोटो : Social Media
सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने विपक्ष के महागठबंधन पर बृहस्पतिवार को चुटकी ली। उन्होंने कहा कि महागठबंधन टूटता हुआ दिखाई दे रहा है। बसपा सुप्रीमो ने और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ हैं। कांग्रेस बैसाखियों के सहारे केंद्र में आना चाहती हैं। लेकिन ये बैसाखी अब टूट चुकी है। सिद्धार्थनाथ ने यह बातें अपने राजापुर स्थित आवास में संवाददाताओं से हुई औपचारिक मुलाकात में कही।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर के चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सामने कोई भी चुनाव लड़ना चाहता है लोकतंत्र में स्वागत है। लेकिन यह भी तय है कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कोई भी चुनाव लड़ेगा उसकी जमानत जब्त होगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के प्रयागराज से वाराणसी जल मार्ग द्वारा जाने पर सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि पीएम मोदी के पांच साल के कार्यकाल में जो निर्मल और अविरल गंगा बह रही है उसका परिणाम देखकर उन्हें सुखद अनुभव होगा।
जब उनके पिता स्वर्गीय राजीव गांधी की सरकार थी तो उन्होंने गंगा एक्शन वन गंगा एक्शन टू पता नहीं कितने योजनाएं लागू की, लेकिन सभी फ्लॉप रही। वर्ल्ड बैंक से पैसा आया उस समय योजनाओं में पैसा न लगकर लोगों की जेब में बंट गया। पीएम मोदी की नीति और नियत एकदम साफ है, जिसका नतीजा है कि गंगा निर्मल व स्वच्छ है ।