siddharth nath singh met defense minister
बेगम बाजार आरओबी के लिए रक्षामंत्री से मिले सिद्धार्थनाथ
90 फीसदी काम पूरा होने के बाद कुंभ के पूर्व वायु सेना ने रुकवा दिया था निर्माण
प्रयागराज। बम्हरौली के निकट बेगम बाजार रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण की पहल एक बार फिर से राज्य सरकार ने की है। इस संबंध में सूबे के प्रवक्ता एवं योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सोमवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने आरओबी निर्माण की तकनीकी बाधा को दूर करने के लिए उनका सहयोग भी मांगा। इस पर रक्षामंत्री ने इस विषय पर संबंधित अफसरों से जल्द से जल्द रिपोर्ट मंगवाने का निर्देश दिया। दरअसल कुंभ मेले के पूर्व शहर से प्रयागराज एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे बेगम बाजार आरओबी का निर्माण कार्य वायुसेना ने रुकवा दिया था। तब वायुसेना की ओर से कहा गया था कि आरओबी निर्माण के पहले राज्य सरकार ने अनापत्ति पत्र (एनओसी) नहीं ली। आरओबी अनाधिकृत है और इसका निर्माण रनवे के करीब किया जा रहा है, जिससे हवाई यात्रियों की जान को खतरा होगा। पिछले वर्ष सितंबर माह में ही इस बारे में तत्कालीन एयर वाइस मार्शल ने प्रदेश के मुख्य सचिव को भी इस बारे में अवगत करा दिया था कि बेगम बाजार में आरओबी निर्माण की मंजूरी नहीं दी जा सकती। इसके बाद तकरीबन 38 करोड़ की लागत वाले इस आरओबी का निर्माण कार्य तब 90 फीसदी होने के बाद रोक दिया गया था। इस आरओबी पर सिर्फ रेलवे लाइन वाले हिस्से पर गार्डर रखे जाने का ही काम रह गया है। तकरीबन वर्ष भर से पुल का निर्माण ज्यों का त्यों ही है। इसी वर्ष जून माह में भी सिद्धार्थनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री से इस संबंध में मुलाकात कर बेगम बाजार आरओबी को पूरा कराने के लिए पत्र सौंपा था। सोमवार को एक बार फिर से सिद्धार्थनाथ ने मुलाकात की। मुलाकात के बाद सिद्धार्थनाथ ने बताया कि उम्मीद है कि इस पुल के निर्माण का रास्ता अब जल्द ही साफ हो जाएगा।