इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने बृहस्पतिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित एमबीए, एलएलएम और पीजी एडमिशन टेस्ट (पीजीएटी-2026) के पीजीएटी-एक पाठ्यक्रमों का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में दर्शनशास्त्र विषय के शुयश कुमार ने 250 अंक प्राप्त कर सभी विषयों में सर्वाधिक अंक हासिल किया है।
अंग्रेजी साहित्य में अंजलि त्रिपाठी ने 244 अंक, अंग्रेजी भाषा में शुभम यादव और जंतु विज्ञान में मानसी दुबे ने 240-240 अंक प्राप्त किए। सितार में साक्षी प्रजापति ने 237.3 अंक, चित्रकला में संदीप कुमार वर्मा ने 234 अंक और मनोविज्ञान में सृष्टि पोद्दार ने 232 अंक हासिल किए।
संस्कृत में प्राची मिश्रा ने 230 अंक प्राप्त किए। वहीं, मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास में श्रद्धा साहू व प्राचीन इतिहास में श्रेया बिस्वास ने 222.6 अंक अर्जित किए। रक्षा अध्ययन में ज्ञान प्रकाश बाजपेई और गायन में कोमल यादव ने 222 अंक प्राप्त किए। भूगोल और राजनीति विज्ञान में क्रमशः प्रिया तिवारी व अखिलेश यादव ने 218 अंक हासिल किए। समाजशास्त्र में स्मिता व हिंदी में अंकुल वर्मा और अपराजिता ने 216 अंक प्राप्त किए।
वनस्पति विज्ञान में नित्या सिंह (204), उर्दू में जिक्रा बानो (202), अर्थशास्त्र में अंजलि मौर्या और कुशाग्र श्रीवास्तव (196), गणित में सौरभ कुमार ओझा और भूषण केसरवानी (194), कंप्यूटर साइंस में हर्षवर्धन श्रीवास्तव व उत्कर्ष केसरवानी (192), भौतिक विज्ञान में करन पाल (190), रसायन विज्ञान में खुशी मिश्रा (188) अंक प्राप्त किए।
अभ्यर्थी अपना स्कोर कार्ड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश संबंधी विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा।