कर्नलगंज के छोटा बघाड़ा में साथी की पिटाई से नाराज छात्रों ने रविवार रात जमकर बवाल काटा। आक्रोशित छात्रों ने पनीर की दुकान पर हमला बोला तो आसपास के दुकानदारों ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों तरफ से जमकर पथराव और तोड़फोड़ की गई। छात्रों और दुकानदारों के बीच बवाल की सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस को बवाल शांत कराने में लाठियां पटकनी पड़ीं। तब जाकर बवाल शांत हुआ। छात्रों की तहरीर पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है।
जौनपुर के रहने वाले ज्ञानेंद्र वर्मा और धर्मवीर बीए के छात्र हैं। वे कर्नलगंज के छोटा बघाड़ा इलाके में किराए पर रहकर पढ़ाई करते हैं। रविवार रात वह पास के ही संजीव पनीर वाले के यहां पनीर खरीदने गए थे। छात्र पनीर को दबाकर चेक करने लगे। इस पर दुकानदार रिंकू भड़क गया। दुकानदार और छात्रों के बीच बहस के बीच मारपीट शुरू हो गई। छात्रों का आरोपी है कि दुकानदार ने धर्मवीर और ज्ञानेंद्र को पीट दिया। पिटाई से उनका सिर फट गया। रात का समय होने के चलते बड़ी संख्या छात्र खरीदारी करने निकले थे। जिसके चलते बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। साथी को लहूलुहान देखकर छात्रों का गुस्सा फू ट पड़ा। छात्रों की भीड़ दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगी।
छात्रों का उत्पात देखकर आसपास के दुकानदार भी आ गए। दुकानदार छत पर चढ़कर पथराव करने लगे। जिसके चलते छात्रों को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद छात्रों ने कुछ दूर जाकर मोर्चा संभाला और पत्थरबाजी करने लगे। दोनों तरफ से पथराव से इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घरों में घुस गए और दुकानों के शटर गिर गए। सूचना पर एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ वीरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर कर्नलगंज संगम लाल मिश्र कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को खदेड़ा तब जाकर मामला शांत हुआ। मारपीट और पथराव में दो छात्रों और दुकानदार को चोट आई है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज संगम लाल मिश्र ने बताया कि छात्रों का दुकानदार से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। दो छात्र घायल हैं। छात्रों की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है।