मुट्ठीगंज के रामभवन इलाके में कालाबाजारी की शिकायत पर दुकानदार राजू केसरवानी को गिरफ्तार कर लिया। राजू केसरवानी की मंगलवार को भी शिकायत मिली थी। बुधवार की सुबह भी जब पुलिस को शिकायत मिली तो दो लोगों को भेजा गया। उन्हें भी एमआरपी से बहुत ज्यादा रेट बताया गया। एसएसपी का कहना है कि कई जगह दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि अधिक रेट पर बेचा गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुट्ठीगंज में राम भवन चौराहे पर राजू केसरवानी की किराने की दुकान है। मंगलवार की शाम पुलिस को फोन कर बताया गया कि वह ज्यादा रेट पर सामान बेच रहा है। बुधवार सुबह फिर एक ग्राहक ने बताया कि उसे 50 किलो आटा जिसका पैकेट पर एमआरपी 1200 है, उसे 18 सौ में बेचा गया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने खाद्यान विभाग की टीम को फोन कर पूरी बात बताई। एक टीम आ गई और दो लोगों को दुकान पर भेजा गया। उन्हें भी एमआरपी से ज्यादा रेट बताया गया। इसके बाद पुलिस ने राजू को गिरफ्तार कर लिया। खाद्यान विभाग के निरीक्षक की तहरीर पर 3/7 ईसी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि जहां भी शिकायत मिल रही है, दुकानदारों को चेतावनी दी जा रही है।