नर्मदा जन्मोत्सव पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
- फोटो : अमर उजाला
माघ मेले में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान को केंद्र में रखते हुए वाटर वुमन शिप्रा पाठक ने मेला शिविर में मां नर्मदा का जन्मोत्सव सेवा, श्रद्धा और कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया। गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन संगम पर नर्मदे हर के जयघोष के बीच पूजन, आरती और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान मेला क्षेत्र में दिन-रात स्वच्छता व्यवस्था संभाल रहे स्वच्छता प्रहरियों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया गया और ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिप्रा पाठक ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के बीच माघ मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने का वास्तविक श्रेय स्वच्छता कर्मियों को जाता है। श्रद्धालुओं द्वारा फैलाए गए कचरे और प्लास्टिक को गंगा से निकालकर ये कर्मी नदी की पवित्रता बनाए रखते हैं और संतों के समान पुण्य कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नर्मदा, शिप्रा, गोमती सहित अनेक नदियों के संरक्षण के लिए वह लगभग 13 हजार किलोमीटर की पदयात्रा कर चुकी हैं। इसके अलावा अयोध्या के सरयू तट से रामेश्वरम तक 3950 किलोमीटर की यात्रा ने उन्हें यह सिखाया है कि नदियों की रक्षा तभी संभव है, जब स्वच्छता कर्मियों को सम्मान और समाज का सक्रिय सहयोग मिले।
मौनी अमावस्या की पूर्व संध्या पर शिप्रा पाठक के नेतृत्व में साधु-संतों की पर्यावरण यात्रा भी निकाली गई। संत शिविरों में पौधों का वितरण कर स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, नदी संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। सम्मान समारोह से पूर्व कार्यक्रम में 101 कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद वितरित किया गया।