इलाहाबाद पहुंचे युवराज सिंह और आशीष नेहरा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
क्रिकेट की उभरती प्रतिभाओं को निखारने के लिए डीपीएस नैनी में बुधवार को आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य युवराज सिंह व आशीष नेहरा ने बेहतरी की उम्मीदें जगाईं। आशीष नेहरा ने कहा कि संगमनगरी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। युवराज सिंह ने शहर की प्रतिभाओं से देश का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद जताई।
डीपीएस परिसर में बुधवार की शाम करीब छह बजे टीम इंडिया के सदस्य आशीष नेहरा और युवराज सिंह अकादमी का उद्घाटन करने पहुंचे। इसके पहले स्कूल परिसर बच्चों और अभिभावकों से भर गया था। स्कूल के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लगीं थीं। स्कूल के गेट से दोनों अतिथियों को ग्राउंड तक स्कूल बैंड के साथ लाया गया। इसी दौरान दोनों को देखने के लिए लोगों की भीड़ टूट पड़ी और सारी व्यवस्थाएं धरी रह गईं। स्कूल प्रबंधन व अध्यापकों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। इस दौरान मीडियाकर्मी से बदसलूकी पर नाराज मीडियाकर्मियों को मौके पर शांत कराया गया।
युवराज सिंह और आशीष नेहरा के चारों ओर मौजूद लोगों ने युवी-युवी के नारे लगाए। अकादमी का उद्घाटन दोनों खिलाड़ियों ने फीता काटकर किया। स्कूल ग्राउंड पर दोनों खिलाड़ियों का बच्चों के साथ एक-एक ओवर का क्रिकेट मैच निर्धारित था जो भारी भीड़ की वजह से हो नहीं पाया। उद्घाटन के दौरान आशीष नेहरा ने प्रतिभाओं को निखारने में अकादमी के अहम रोल को रेखांकित किया। युवराज सिंह ने उम्मीद जताई कि अकादमी के माध्यम से बच्चे आगे चल कर देख का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान से किया गया। इस मौके पर स्कूल की निदेशिका सोनू सिंह राघव, वाइस चेयरमैन विशाल सिंह, प्रिंसिपल डॉ. सुजाता सिंह, रचना दूबे समेत सभी अध्यापक, बच्चे व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।