तुलसी, काशी समेत मुंबई रूट की कई ट्रेनें रहीं निरस्त
प्रयागराज। मुुंबई और उसके आसपास के क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद संबंधित रूट पर चलने वाली ट्रेेनों का संचालन गड़बड़ा गया है। लगातार दूसरे दिन इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें निरस्त हुईं। जो ट्रेनें निरस्त हुईं उसमें प्रमुख रूप से इलाहाबाद-लोकमान्य तिलक तुलसी एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, मुंबई मेल, काशी एक्सप्रेस, रत्नागिरि एक्सप्रेस आदि शामिल रहीं। ट्रेनें निरस्त होने से यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। मजबूरी में यात्रियों को अपने टिकट निरस्त करवाने पड़े। हालांकि ट्रेनें निरस्त होने की वजह से रेलवे ने यात्रियों का पूरा रिफंड दिया।
भारी बारिश के चलते मुंबई रूट की ट्रेनों का संचालन लड़खड़ा गया है। पिछले माह महालक्ष्मी एक्सप्रेस के बाढ़ के पानी में फंस जाने की वजह से रेलवे ने मुंबई और उसके आसपास हो रही बारिश की वजह से दूसरे दिन भी संबंधित रूट की कई ट्रेनें निरस्त कर दीं। मुंबई जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस के निरस्त होने से यात्री कुछ ज्यादा ही परेशान हुए। तमाम यात्रियों ने तुलसी एक्सप्रेस से भोपाल आदि के टिकट करवा रखे थे। इसी तरह गोरखपुर से लोकमान्य तिलक जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस भी निरस्त कर दिए जाने से यात्रियों को दिक्कत हुई।
जंक्शन, इलाहाबाद सिटी, प्रयाग जंक्शन के आरक्षित काउंटरों पर टिकट निरस्त करवाने वाले यात्रियों की दिन भर लाइन लगी रही। बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी मुंबई रूट की कुछ ट्रेेेनें निरस्त रहेंगी। इसमें मुंबई-हावड़ा मेल अप एंड डाउन, महानगरी एक्सप्रेस, दीक्षाभूमि एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि 11062 पवन एक्सप्रेस और 12143 राजेंद्र नगर-एलटीटी एक्सप्रेस भी मंगलवार को निरस्त रहेगी।
यह ट्रेनें रहीं निरस्त
11093 महानगरी एक्सप्रेस, 11060 छपरा-एलटीटी पवन एक्सप्रेस, 22130 तुलसी एक्सप्रेस, 11094 महानगरी एक्सप्रेस, 12165 एलटीटी-वाराणसी, 12167 मंडुवाडीह-एलटीटी, 12168 मंडुवाडीह-एलटीटी, 15018 गोरखपुर-एलटीटी, 12322 मुंबई-हावड़ा मेल, 15017 एलटीटी-गोरखपुर