नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज में शुक्रवार की शाम रेडीमेड कपड़े के थोक कारोबारी के साथ हुई लूट की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं। शनिवार को पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित से बात की। डीसीपी गंगानगर के अनुसार लूट के खुलासे को सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीमें भी लगाई हैं।
विराट ट्रेडर्स के मालिक एवं थोक व्यवसायी दिलीप कुमार केसरवानी शुक्रवार को अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी तीन नकाबपोश बदमाश काली बाइक से पहुंचे। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनके गल्ले से करीब एक लाख रुपये लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद कुंडा की ओर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में घेराबंदी की लेकिन लुटेरे पकड़ से बाहर रहे। देर रात व्यापारी की तहरीर पर नवाबगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई। शनिवार को 11 बजे पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त अजयपाल शर्मा, डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत, एसीपी क्राइम राजीव यादव, एसीपी सोरांव श्यामजीत परमिला सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। अफसरों ने कारोबारी से बात कर उन्हें अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सात टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने जेठवारा रोड, बरौंधा रोड, लखनऊ रोड और इब्राहिमपुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। देर शाम तक पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापा मारती रही। लेकिन, बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।