मृतका के बैंक खाते में भी सर्जन का ही नंबर
पुलिस बैंक पहुंची तो हुआ खुलासा, आधार की भी यही थी कहानी प्रयागराज। फ्लैट में महिला के मृत मिलने के मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पता चला है कि उसके बैंक खाते में भी सर्जन दीपकेंदु मित्रा का ही मोबाइल नंबर दर्ज था। इससे पहले मौके से बरामद आधार कार्ड में भी सर्जन का ही नंबर लिंक मिला था। सूत्रों का कहना है कि फ्लैट की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को एक पासबुक मिली। इससे पता चला कि मृतका का एक बैंक खाता भी था। बैंक ऑफ बड़ौदा में यह खाता खुलवाया गया था।
पुलिस जब बैंक में पहुंची तो वहां एक ऐसी जानकारी मिली जिससे वह चौंक गए। पता चला कि महिला के बैंक खाते से संबंधित दस्तावेजों में भी सर्जन का ही नंबर दर्ज था। दरअसल पुलिस मृतका के मोबाइल नंबर की तलाश में बैंक पहुंची थी। माना जा रहा था कि बैंक में तो उसका मोबाइल नंबर जरूर दर्ज होगा। लेकिन वहां भी पुलिस को मायूसी हाथ लगी। गौरतलब है कि इससे पहले उसके आधार कार्ड से भी सर्जन का ही मोबाइल नंबर लिंक मिला था।
अब सवाल यह है कि यह महज संयोग है या यह किसी गहरी साजिश का नतीजा है। बैंक खाता बेहद निजी होता है और इसमें आमतौर पर कोई व्यक्ति अपना ही नंबर दर्ज कराता है। ऐसे में मृतका के खाते से संबंधित दस्तावेजों में सर्जन का मोबाइल नंबर क्यों और कैसे दर्ज कराया गया, यह बड़ा सवाल है।