अविश्वास प्रस्ताव के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू हो गया है। करछना ब्लॉक में 50 से अधिक बीडीसी सदस्यों के हस्ताक्षर अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए करा लिया गया है। इसी तरह मेजा, कौंधियारा, मांडा, कोरांव और चाका में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा में इन ब्लॉक प्रमुखों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इस बीच इन ब्लॉक प्रमुखों ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर अविश्वास प्रस्ताव के बचाने की गुहार लगाई है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रयागराज और आसपास की तीन सीटें गंवा चुकी हैं। कहा जा रहा है कि जिन वजहों से भाजपा का खेल बिगड़ा, उनमें टिकट बंटवारे से लेकर, पेपरलीक और संविधान बदलने की अफवाह के अलावा पार्टी के भीतर भितरघात शामिल है।
कांग्रेस-सपा पर ब्लॉक प्रमुखों के उत्पीड़न का भाजपा विधायक ने लगाया आरोप
अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से घबराए ब्लॉक प्रमुखों का नेतृत्व करछना के विधायक पीयूष रंजन निषाद कर रहे हैं। सात ब्लॉक प्रमुखों ने विधायक निषाद के साथ ही इस मुद्दे पर सीएम से मुलाकात की है। पीयूष रंजन ने सपा नेता रेवती रमण सिंह पर इन ब्लॉक प्रमुखों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का आरोप लगाया है।
सीएम को दिए ज्ञापन में पीयूष रंजन ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह चुनाव जीतने के बाद ब्लॉक प्रमुखों का उत्पीड़न कर रहे हैं और उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है। ऐसे में उनकी रक्षा की जानी चाहिए। जिन ब्लॉक प्रमुखों और उनके समर्थकों ने विधायक के साथ सीएम से मुलाकात की है,उनमें इंद्रनाथ मिश्र, महेंद्र कुमार सिंह, प्रगति सिंह के ससुर अशोक सिंह, सरोज द्विवेदी, गायत्री मिश्रा, मुकेश कोल और अनिल पटेल के नाम शामिल हैं।