इलाहाबाद। सेवायोजन कार्यालय बेरोजगारों का मैनुअल पंजीयन नहीं होगा। सेवायोजन कार्यालय ने मैनुअल पंजीयन को समाप्त कर दिया है। मैनुअल की जगह ऑनलाइन पंजीयन हो सकेंगे। सोमवार को इस संदर्भ में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के आदेश पर यह सेवा शुरू की गई है। अभ्यर्थी सेवायोजन के वेबपोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एसईडब्ल्यूएवाईओजेएएन डॉट ओआरजी पर जाकर अपना पंजीयन कर सकते हैं। इसके साथ ही साथ सरकारी और निजी क्षेत्र के नियोजकों को भी नियुक्ति संबंध जानकारी को सेवायोजन के पोर्टल से जोड़ने का निर्देश जारी किया गया है।
क्षेत्रीय सेवा योजन के अधिकारी आरसी श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यालय में अभी बेरोजगारों का पंजीयन मैनुअल और ऑनलाइन दोनों तरीके से हो रहा था। दो लाख, 17 हजार बेरोजगारों ने यहां पंजीयन कराया है। अब मैनुअल पंजीयन को समाप्त करके ऑनलाइन पंजीयन की शुरूआत कर दी गई है। इसके अलावा बेरोजगारों के लिए एक और सुविधा शुरू करेगा। सरकारी और निजी दोनों तरह के नियोजकों को अपनी नियोजन संबंधी जानकारी को सेवायोजन के पोर्टल पर उपलब्ध कराना होगा। इससे बेरोजगारों को सरकारी और निजी दोनों ही क्षेत्रों में रोजगार के आ रहे अवसरों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। सेवायोजन ने यह पहल नई की है। इससे एक क्लिक पर रोजगार की जानकारी मिलती रहेगी।