अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम
देह और अंगदानियों का हुआ सम्मान, रंगारंग कार्यक्रमों ने लुभाया
प्रयागराज। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के मौके पर मंगलवार को संगठनों की ओर से विविध आयोजन हुए। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। पेंशनर्स ने विभिन्न समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया तथा मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
विकल्प सेवा समिति की ओर से एनसीजेडसीसी में आयोजित कार्यक्रम में 13 देह तथा अंगदानियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन हुए। अध्यक्ष डॉ.पीके सिन्हा समेत अन्य वरिष्ठ नागरिकाें ने फिल्मी गीत गाए। गुंजना अरुण श्रीवास्तव ने सितार वादन से सबको मोहा। मुख्य अतिथि बिहार के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। न्यायमूर्ति सुधीर नारायण, पूर्व मंडलायुक्त आरएस वर्मा, डीआरएम अमिताभ बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सीनियर सिटीजन कौंसिल (इंटरनेशनल) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रोफेसर जीसी त्रिपाठी ने सभ्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के महत्व पर प्रकाश डाला। उनका कहना था कि वरिष्ठजन समस्या का समाधान बिना किसी विवाद के निकालने में सक्षम होते हैं। उनका अनुभव समाज में एक खजाना की तरह और उसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों के सम्मान की अपील की। अध्यक्षता एसएन सिन्हा ने की। कार्यक्रम में आरपी सिंह, श्याम सुंदर पटेल, विजय चंद्र चौरसिया, केके श्रीवास्तव, सुनील धवन आदि शामिल रहे। अवकाश प्राप्त रेलवे कर्मचारी हितकारी समिति की ओर से उल्लासपूर्वक वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। 93वर्षीय सरदार किशन सिंह को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में सुशील कुमार श्रीवास्तव, आरके त्रिपाठी, सरजीत सिंह, रामलाल, शिवचरण सिंह आदि मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की श्रमहितकारी केंद्र में आयोजित गोष्ठी में रिटायर कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा हुई। पेंशनर्स ने कैशलेज इलाज, डीए की गणना में बदलाव, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, एक पद एक पेंशन नीति लागू करने समेत अन्य मांगें उठाईं। इन मांगों को लेकर 27 नवंबर को दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की भी घोषणा की गई। पेंशनर्स ने कलक्ट्रेट तथा इंदिरा भवन से अब भी प्रयागराज के बजाय इलाहाबाद के नाम पर परिचय पत्र जारी करने पर नाराजगी जताई। गोष्ठी में आरपी पांडेय, संतलाल सोनकर, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, अशोक कुमार श्रीवास्तव, डॉ.आरपी वर्मा, केजी द्विवेदी आदि शामिल रहे।
कैशलेज इलाज की मांग
संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति के मंडल शाखा की ओर से 14 सूत्रीय मांग को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया गया। उन्होंने ज्ञापन भी सौंपा। पेंशनर्स ने कैशलेस इलाज की व्यवस्था लागू करने, सलाहकार समिति की बैठक बुलाने, 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नेशनल वेतन वृद्धि देकर पेंशन निर्धारित करने आदि की मांग की। उन्हाेंने इन मांगों को लेकर लंबे आंदोलन की घोषणा की। इसकी शुरुआत 22 अक्तूबर को लखनऊ में धरना से होगी। धरना देने वालों में एसपी राय, आरएल प्रजापति, सुरेंद्र सिंह, केएन त्रिपाठी, लक्ष्मण राय, सगीर अहमद आदि शामिल रहे।