मकानों के सूचीकरण व गणना के तहत प्रयागराज में तीन दिन में 6238 लोगों अब तक ऑनलाइन स्व-गणना कर ली है। शनिवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने भी स्व-गणना की।
सात मई से शुरू हुई स्व-गणना 21 मई तक चलेगी और इसके बाद 22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर गणना का कार्य शुरू करेंगे। स्व-गणना के लिए हर दिन किसी न किसी दिवस के रूप में चिह्नित किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को ‘यूथ एंड स्पोर्ट्स डे कम्युनिटी इंस्टीट्यूशंस/मीडिया डे’ का आयोजन किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष, खिलाड़ियों समेत मीडिया कर्मियों ने स्व-गणना की। ग्रुप मुख्यालय 15 यूपी बटालियन प्रयागराज के एनसीसी अधिकारियों एवं कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवी सदस्यों ने भी अपनी स्व-गणना की। जिला जनगणना अधिकारी विनीता सिंह के अनुसार अगर स्व-गणना में किसी प्रकार की समस्या आती है तो टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
ऐसे करें स्व-गणना
आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाएं
अपने मोबाइल नंबर से ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करें
राज्य में उत्तर प्रदेश चुनें, फिर अपना जिला व स्थानीय विवरण भरें
डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिह्नित करें
मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी भरें
सबिमिशन के बाद एसई आईडी मिलेगी
एसई आईटी सुरक्षित रखें
प्रगणक के आने पर एसई आईडी दिखाएं
प्रगणक जानकारी की पुष्टि करेंगे