Selection of ten posts of spokesperson in GIC
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विशेष अधीनस्थ शिक्षा सेवा (पुरुष संवर्ग) के तहत राजकीय इंटर कॉलेजों में दो विषयों में प्रवक्ता के 10 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने मंगलवार को प्रवक्ता पर हुई सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। इनमें प्रवक्ता नागरिक शास्त्र के चार और प्रवक्ता रसायन विज्ञान के छह पद शामिल हैं। जबकि, प्रवक्ता समाजशास्त्र के दो पद खाली रह गए हैं।
प्रवक्ता नागरिक शास्त्र के चार पदों पर गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव, संजय आनंद, विशाल कुमार मिश्र एवं राम जनक सिंह का चयन हुआ है। इनमें दो पद अनारक्षित, एक पद ओबीसी एवं एक पद एससी के लिए आरक्षित है। प्रवक्ता रसायन विज्ञान के छह पदों पर राहुल दुबे, कौशल किशोर मिश्र, सैयद मोहम्मद एजाज, आशीष रैना, पंकज कुमार साहू एवं शिव कुमार गुप्ता का चयन हुआ है। प्रवक्ता रसायन विज्ञान के तीन पद अनारक्षित, दो पद ओबीसी एवं एक पद एससी श्रेणी के लिए आरक्षित है। प्रवक्ता समाजशास्त्र के दो पद रिक्त रह गए हैं। आयोग के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार एससी श्रेणी के एक पद के लिए इंटरव्यू देने आए दो अभ्यर्थी आयोग द्वारा निर्धारित न्यूनतम दक्षता अंक प्राप्त नहीं कर सके। वहीं, अनारक्षित श्रेणी के एक पद पर साक्षात्कार के लिए कोई भी अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुआ। अयोग ने इन पदों को पुनर्विज्ञापित किए जाने की संस्तुति की है।