इलाहाबाद से लखनऊ जा रही एसी वॉल्वो बस में गर्म पानी देखकर परिवहन एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को रोडवेज अफसरों पर भड़क गए। यहां निरीक्षण के दौरान यात्रियों ने एसी बस में गर्म पानी दिए जाने की शिकायत मंत्री से की। इस पर उन्होंने अफसरों से जवाब पूछा तो बताया गया कि संबंधित बस लखनऊ के आलमबाग डिपो की है। इस दौरान यात्रियों से बहस कर रहे रोडवेज कर्मियों को स्वतंत्र देव सिंह ने सलीके से पेश आने की नसीहत दी। परिवहन मंत्री ने सर्किट हाउस में रोडवेज, आरटीओ अफसरों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कम आय होने पर जीरोरोड, प्रतापगढ़ और बादशाहपुर के एआरएम को चेतावनी दी। कहा कि आय न बढ़ी तो उन्हें आगे मौका नहीं दिया जाएगा।
एक विवाह समारोह में शामिल होने आए परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को पहले रोडवेज और उसके बार आरटीओ विभाग के अफसरों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। बैठक के बाद वे सिविल लाइंस बस स्टेशन पहुंच गए। यहां लखनऊ जा रही वाल्वो बस में वे जैसे ही चढ़े, उन्हें यात्रियों ने घेर लिया। यहां यात्री सत्यप्रकाश ने गर्म पानी की शिकायत की। मंत्री के सामने ही रोडवेज कर्मी यात्री से बहस करने लगे। इस पर मंत्री भड़क गए। उन्होंने आरएम डा. हरिशचंद्र से इस बारे में पूछा तो उन्होंने संबंधित बस आलमबाग डिपो की बताई। उन्होंने मौके पर ही आलमबाग के एआरएम से बात करने को कहा। साथ ही बहस करने वाले कर्मचारियों से कहा कि वे यात्रियों से सलीके से बात करें। इस दौरान सिविल लाइंस बस स्टेशन पर खड़ी साधारण श्रेणी की एक और बस की भी उन्होंने जांच की। फतेहपुर डिपो की इस बस में साफ सफाई बेहतर करने का निर्देश उन्होंने दिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल लाइंस बस स्टेशन पर यात्रियों ने ओवर चार्जिंग की शिकायत की। इस शिकायत पर स्वतंत्र देव सिंह नाराज हुए। उन्होंने खानपान स्टॉल संचालकों से कहा कि अब शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने खानपान स्टॉलों पर सामान की लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। इस बीच यहां यहां आचार्य कुशमुनि ने नल से गंदा पानी आने की शिकायत की। शिकायत सुनते ही रोडवेज अफसरों के हाथ पांव फूल गए। मंत्री ने छत पर जाकर टंकी देखने की बात कही। यहां छत का दरवाजा बंद मिला तो उन्होंने चाभियां मांगीं। छत पर पहुंच कर स्वतंत्र देव सिंह ने टंकी बाहर से देखी और उसे साफ सुथरा देखकर नीचे लौट आए। यहां उन्होंने पानी के लिए ऑटोमेटिक वाटर वेंडिंग मशीन लगाने की भी बात कही।
रेलवे स्टेशन के जनआहार केंद्र में सस्ती दरों पर मिलने वाले भोजन की तर्ज पर सिविल लाइंस बस स्टेशन पर भी अब सस्ती कैंटीन यात्रियों को उपलब्ध होगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आश्वासन दिया कि एक महीने में रोडवेज बस स्टेशन पर सस्ती कैंटीन खुल जाएगी। यहां कम दरों में यात्रियों को भोजन उपलब्ध होगा।
सर्किट हाउस में संवाददाताओं से हुई मुलाकात के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ई-चालान से संभागीय परिवहन कार्यालय में दलाली की प्रथा रुकेगी। उन्होंने कहा कि अभी 75 जिलों में 60 फीसदी ही ई-चालान किया जा रहा है। अगले सौ दिन में सौ फीसदी ई-चालान उत्तर प्रदेश में होने लगेगा। इसके पूर्व राजापुर वर्कशॉप का भी उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेके पर काम कने वाले कर्मचारियों को दो माह से वेतन न मिलने का भी मामला सामने आया।
वर्ष 2019 की शुरूआत में लगने वाले अर्द्ध कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा की इस बार दस हजार बसों को लगाने की तैयारी है। इन बसों का इंतजाम कैसे किया जाए। इनका संचालन कहां से हो इसके लिए अफसरों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। यहां उन्होंने इलाहाबाद एवं उसके आसपासके जिलों के सभी गांवों एवं कस्बों को बस मार्ग से जोड़ने की कार्य योजना एक माह में तैयार करने का भी निर्देश दिया।