हंडिया। विद्युत वितरण उपखंड कटहरा के एसडीओ विजय कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। उनपर उपभोक्ताओं से बदसलूकी, जनप्रतिनिधियों पर अप्रिय टिप्पणी का आरोप है। इससे संबंधित एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।
बतादें कि एसडीओ की पहले भी शिकायत हो चुकी है। उनका स्थानांतरण भी किया गया था। इसके खिलाफ वह उच्च न्यायालय चले गए जहां कोर्ट ने स्थानांतरण पर रोक लगा दी। इसके बाद उनका एक ऑडियो वायरल हुआ। जिसमें वह जनप्रतिनिधियों पर भी अप्रिय टिप्पणी कर रहे थे। अमर उजाला ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विभाग ने ऑडियो की जांच भी कराई थी। इसके अलावा उनपर संविदा कर्मियों की उपस्थिति समय से प्रेषित करने की बजाय मनमाने तरीके से संशोधित करके देर से भेजने, वाणिज्यिक पैरामीटर्स में सुधार का कोई सार्थक प्रयास न करने, क्षेत्र में चेकिंग के दौरान उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप है। प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी शंभु कुमार ने उन्हें निलंबित करके कार्यालय मुख्य अभियंता पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड बस्ती से संबद्ध कर दिया है। संवाद