जीटी रोड पर हंडिया इलाके में बुधवार रात कुत्ते को बचाने की कोशिश में बेकाबू तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर पारकर दूसरी तरफ पलटी तो ट्रक की जबरदस्त टक्कर लगने पर दूर तक घिसट गई। स्कार्पियो सवार एक युवक सौरभ यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को ही उसकी सगाई हुई थी। उसका साथी राजेश यादव और ट्रक डइवर भी जख्मी हो गया। पुलिस ने घायल युवक और ड्राइवर को अस्पताल भेजकर उनके घरों में सूचना दी।
यह हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे जीटी रोड पर उपरदहा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कार्पियो के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाने पर स्कार्पियो कई फुट ऊपर उछली और डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पलट गई। तभी वाराणसी की ओर से आए ट्रक ने स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मारी तो वह दुबारा पलटते हुए उसी लेन पर आ गई, जिस पर हादसा हुआ था। पलटने और ट्रक की टक्कर से स्कार्पियो के परखचे उड़ गए। आसपास के लोग जुट गए। बरौत चौकी और हंडिया थाने की पुलिस आ गई। क्षतिग्रस्त स्कार्पियो में फंसे दो युवकों को बाहर निकाला गया। उनमें एक युवक की सांस थम चुकी थी। जबकि दूसरा कराह रहा था। उसने अपना नाम राजेश यादव बताया। ट्रक ड्राइवर भी घायल था। उन दोनों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस को मृत युवक के पास मोबाइल मिला, जिससे फोन करने पर उसकी शिनाख्त हो सकी।
मृतक सौरभ यादव (26) शांतिपुरम कॉलोनी में रहने वाले घनश्याम यादव की इकलौती संतान था। मूल रूप से जौनपुर में मुंगराबादशाहपुर निवासी घनश्याम कई साल पहले शांतिपुरम में घर और लॉज बनवाकर बेटे सौरभ के साथ रहने लगे थे। उनकी पत्नी कानपुर स्थित अपने मायके में हैं। सौरभ ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। उसका ब्याह महोबा की एक युवती से तय कर दिया गया था। मंगलवार को सगाई की गई थी। चार दिसंबर को शादी होनी थी। पुलिस से दुखद घटना की जानकारी मिलते ही पिता घनश्याम पड़ोसियों के साथ एसआरएन अस्पताल रवाना हो गए, जहां सौरभ का शव रखा गया था। पिता ने पुलिस को बताया कि सौरभ उनसे कुछ कहासुनी के बाद स्कार्पियो में दोस्त राजेश के साथ जौनपुर में पुश्तैनी मकान के लिए रवाना हो गया था।