इलाहाबाद। गोल्डेन जुबली स्कूल के प्रबंधन की मनमानी एवं स्कूल में छात्र की मौत से नाराज अभिभावकों ने बुधवार को स्कूल का घेराव किया। इस दौरान अभिभावक संघ एवं अभिभावक एकता समिति की ओर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूल की मजिस्ट्रेट से जांच कराने की मांग की। अभिभावकों का गुस्सा देखकर जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मिलन मुखर्जी एवं प्रधानाचार्या इन्द्राणी गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने का आदेश दिया।उन्होनें घटना की जांच एसीएम प्रथम को दिया है।
अभिभावक संघ के प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता प्रवीण श्रीवास्तव ने कहा कि मृतक छात्र के परिवार वालों को स्कूल प्रबंधन की ओर से मुआवजा दिया जाए। इसके साथ मांग की गई कि कक्षा एक से पांचवी तक की कक्षा प्रथम तल अथवा भूतल पर ही चलाई जाए।
अभिभावक एकता समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक अवकाश के दिन विद्यालय कैसे खुला, इसकी जांच होनी चाहिए। बच्चे केपरिजन अंबुज शुक्ल, अमितेष पांडेय ने कहा कि विद्यालय में देर से आने वाले बच्चों से 10 रूपए वसूल किया जाता है, इसकी जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान उमेश द्विवेदी, रतन श्रीवास्तव, अभिषेक पांडेय, आनंद श्रीवास्तव, पंकज गुप्ता, राकेश शुक्ल, प्रमोद त्रिपाठी, राकेश पासी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल रहे।