हत्या से एक दिन पहले मारपीट का वीडियो वायरल
सतीश की हत्या से एक दिन पहले का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिख रही है। वीडियो में सतीश की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव, दूसरे पक्ष के देवेंद्रनाथ मिश्रा और कुछ अन्य लोग नजर आ रहे हैं। मौके पर ईश्वर शरण चौकी प्रभारी विनय यादव और उनका हमराही भी दिखाई दे रहे हैं। सतीश की पत्नी पहले ही आरोप लगा चुकी हैं कि उनके पति को पुलिस की मौजूदगी में गोली मारी गई थी। वीडियो सामने आने पर पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश, मोबाइल फोन बंद
हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने कई आरोपियों की पहचान कर ली है, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद होने से उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी शहर से बाहर भाग गए हैं। ऐसे में पुलिस ने फरार आरोपियों के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। उनसे आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कर्नलगंज पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बेटी लगा रही इंसाफ की गुहार
सतीश श्रीवास्तव की बेटी वैशाली सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर पिता के लिए इंसाफ की गुहार लगा रही है। उसने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो साझा कर अपना दर्द बयां किया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, दिसंबर 2025 में हुई मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर भी चर्चा हो रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने सलोरी स्थित विवादित जमीन की नए सिरे से जांच कराने की बात कही है।
सतीश श्रीवास्तव हत्याकांड में नामजद आरोपी देवेंद्रनाथ मिश्रा और उसके बेटे नृपेंद्रनाथ मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक खोखा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। - सागर जैन, डीसीपी नगर
तीन घंटे हंगामे के बाद सतीश के शव का कराया अंतिम संस्कार
सतीश कुमार श्रीवास्तव के शव का शुक्रवार देर शाम अंतिम संस्कार कराया गया। दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सलोरी स्थित घर पहुंचे, लेकिन मुआवजे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। सतीश की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव और परिवार के अन्य सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान परिजनों ने एक करोड़ रुपये मुआवजा, दोनों बेटियों को सरकारी नौकरी, परिवार को आजीवन सुरक्षा देने और आरोपी का घर गिराने की मांग की।
सूचना पर परिजनों को समझाने और अंतिम संस्कार कराने के लिए एसीपी कर्नलगंज विवेक यादव, एसीपी झूंसी अरुण पाराशर, एसडीएम अंकित वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार से बातचीत कर उन्हें मनाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पांच लाख मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना, विधवा पेंशन, शस्त्र लाइसेंस, सुरक्षा उपलब्ध कराने समेत अन्य मांगों का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और देर शाम रसूलाबाद घाट पर छोटी बेटी वैशाली ने पिता के शव का अंतिम संस्कार किया।