सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता और अखंडता की मिसाल हैं। उन्होंने 562 रियासतों का विलय कर मजबूत एकीकृत राष्ट्र की नींव रखी। उन्होंने अपने अदम्य साहस और संकल्प के साथ राष्ट्र के राजनीतिक एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह बातें राष्ट्रीय एकता पदयात्रा के समापन पर सिकंदरा दलीपुर में आयोजित जनसभा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक बेरोक-टोक आ जा सकते हैं। यह देन सरदार पटेल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गुजरात में सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाकर उनका सम्मान किया है। कांग्रेस ने देश में नक्सलवाद, आतंकवाद और क्षेत्रवाद का बढ़ावा दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद और आतंकवाद की कमर को तोड़ने का काम किया है। आज कुछ ही जिलों में नक्सलवाद और आतंकवाद बचा है। जनसभा में फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल, फाफामऊ के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान मौजूद रहीं।
बृहस्पतिवार को बहरिया के केवीएम इंटर कॉलेज कमला नगर से राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में 12 बजे से हुआ। समापन पर सिकंदरा दलीपुर में हुआ। पदयात्रा में पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय, ब्लॉक प्रमुख बहरिया शशांक मिश्र, फूलपुर चेयरमैन अमरनाथ यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल पांडेय, कविता पटेल, जिला मंत्री यूथ महेंद्र तिवारी, मुनीषा नंद मिश्रा, देवी शंकर मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी मौजूद रहे।