प्रतापगढ़ में मतगणना के लिए महुली मंडी में गुरुवार की सुबह 8 बजे से मतों की गिनती भारी अव्यवस्था के बीच शुरू हुई। दो घंटे तक कोई परिणाम ही सामने नहीं आया। बाद में भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता ने पांचों विधानसभा में बढ़त बनाई तो फिर पीछे मुडक़र नहीं देखा। यहां तक कि कांग्रेस के गढ़ रामपुर खास में भी भाजपा प्रत्याशी ने भारी बढ़त बना ली। जिसके चलते दूसरे प्रत्याशियों को हर राउंड में हार का सामना करना पड़ा। संगमलाल गुप्ता को कुल 4,36,491 वोट मिले। जबकि सपा-बसपा गठबंधन केे प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी 3,18,539 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस की राजकुमारी रत्ना सिंह 77096 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। राजाभैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी 46,713 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। मतगणना समाप्त होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता को प्रमाणपत्र दिया। मतगणना स्थल से बाहर निकलते ही प्रतीक्षा कर रहे समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।