आम लोग भी शहर के विकास के लिए दें अपनी राय
डिप्टी सीएम ने आम लोगों से अपील की है कि वह कुंभ मेले को लेकर जो भी विकास कार्य हो सकते हैं उसे लेकर अपने सुझाव दें। कहा कि प्रयागराज में फाइव स्टार होटल, बड़ा ऑडिटोरियम, स्टेडियम आदि नहीं है। 2019 के मुकाबले 2025 में ज्यादा भीड़ कुंभ मेले में आ सकती है। केशव ने बताया कि प्रयागराज में बक्शी बांध आरओबी, सलोरी आरओबी, चौफटका फ्लाई ओवर, गंगा पर सिक्स लेन पुल, रिंग रोड आदि निर्माणाधीन प्रोजेक्ट को समय से पहले पूरा करने का निर्देश दिया है।
रिंग रोड का प्लान तैयार करने का भी निर्देश
डिप्टी सीएम ने अफसरों को निर्देश दिया है कि वह प्रयागराज में बनाई जाने वाली रिंग रोड का प्लान तैयार करें। उसके पास हाउसिंग स्कीम, मेडिकल सिटी आदि कहां बनेगी वह पहले ही तय हो जाए। इस दौरान केशव ने कहा कि वर्ष भर में हम प्रदेश में सभी अमृत सरोवर तैयार कर लेंगे। बता दें कि प्रदेश में 4418 अमृत सरोवर बनकर तैयार हो सके हैं, जबकि लक्ष्य 7583 का है।
हर घर तिरंगा से सैकड़ों को मिला रोजगार
डिप्टी सीएम ने हर घर तिरंगा को एक जन आंदोलन बताया। कहा कि हर व्यक्ति अपने घर में तिरंगा जरूर फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा बनाने से काफी संख्या में लोगों को रोजगार भी मिला। यहां तक कि तिरंगा में डंडा लगाने वाले को भी इसका अच्छा लाभ मिला। इसके पूर्व केशव ने सर्किट हाउस में सुबह आम लोगों की समस्या सुनकर अफसरों को उसके निस्तारण का निर्देश दिया।
बिहार में 2019 से बेहतर प्रदर्शन भाजपा करेगी
बिहार में भाजपा छोड़ राजद से गठबंधन करने वाले सीएम नीतिश कुमार को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि उनकी स्थिति एक ओर कुंआ (आरजेडी) एवं दूसरी ओर खाई (कांग्रेस) जैसी है। जब वह भाजपा गठबंधन में नहीं थे तो बिहार में महज दो सीट ही जीत सके थे। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन 2019 से बेहतर रहेगा। विपक्ष के तर्क कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नीति कुमार पीएम के लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि केर और बेर में संग नहीं हो सकता।