स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में एक स्टाफ नर्स के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद सोमवार को सर्जरी इमरजेंसी में काम कर रहे सर्जरी विभाग के जूनियर रेजिडेंट, नर्स, वार्ड ब्वॉय सहित 30 स्वास्थ्य कर्मियों की जांच कराई गई है। स्टॉफ नर्स की रिपोर्ट रविवार को आई थी। इसके बाद चिकित्सालय में हड़कंप है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए सोमवार को सभी को वार्ड नंबर 10 में बुलाया गया और उनके नमूने लेकर उन्हें क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
चिकित्सालय के कोर्डियोलॉजी में भर्ती एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वहां दो दर्जन से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों की जांच कराई गई थी। स्टाफ नर्स उसी में पॉजिटिव आ गई। बताया जा रहा है सर्जरी इमरजेंसी वार्ड के एक जूनियर डॉक्टर, एक-दो नर्स और वार्ड ब्वॉय बुखार से संक्रमित हैं। इसके देखते हुए चिकित्सालय प्रशासन ने सोमवार को सर्जरी इमरजेंसी में तैनात सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जांच कराने के लिए नमूने लिए। एसआरएन चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सालय के सभी स्वास्थ्य कर्मी हाई रिस्क पर हैं।
पीएमएसएसवाई में शिफ्ट हुआ एसआईसी कार्यालय
प्रयागराज। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का एसआईसी कार्यालय अस्थाई तौर पर प्रधानमंत्री सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया गया है। अब यहीं से सारे हॉस्पिटल का प्रशासनिक कामकाज निपटाए जा रहे हैं। अभी तक सारे कामकाज अस्पताल के पुराने भवन में बने एसआईसी कार्यालय से हो रहे थे।