हिस्ट्रीशीटर बच्चा यादव की हत्या के विरोध में सपा का प्रदर्शन
हिस्ट्रीशीटर कटरा के बच्चा यादव की हत्या के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हत्यारों की गिरफ्तारी तथा बच्चा यादव के परिजनों की सुरक्षा की मांग को लेकर एमएलसी बासुदेव यादव तथा अन्य नेताओं ने शनिवार को एसएसपी से मुलाकात की।
एसएसपी से मिलने पहुंचे बासुदेव यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पंधारी यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तिखार हुसैन आदि सपा नेताओं का कहना था कि बच्चा यादव के हत्यारे अभी तक गिरफ्त में नहीं आए हैं। उल्टे बच्चा यादव के परिजनों को धमकी मिल रही है। उन्होंने एसएसपी से तत्काल कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने पूर्व सभासद कल्लू यादव तथा दरागंज के सौरभ यादव के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई का भी विरोध किया। उन्होंने फर्जी मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते कार्रवाई रोके जाने की मांग की। नेताओं ने सोरांव के विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी योगेश यादव की हत्या को लेकर भी सरकार तथा पुलिस प्रशासन को घेरा। हत्या तथा अपराध की लगातार की अन्य घटनाओं को लेकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सपा नेता पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे और योगेश यादव के परिजनों से मिलकर उन्हे ढांढस बंधाया। एसएसपी से मिलने वालों में रवींद्र यादव, दानबहादुर सिंह मधुर, आरएन यादव, संतलाल वर्मा, लालू यादव, त्रिभुवन यादव, लालजी यादव आदि शामिल रहे।
जार्जटाउन पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में भी कर्मचारी की हत्या पर विरोध जताया गया। नेताओं ने कर्मचारी को सपा कार्यकर्ता बताया। जिला महासचिव दूधनाथ पटेल का कहना था कि भाजपा शासन में हत्याओं का सिलसिला थम नहीं रहा। बैठक में जीतलाल, नटे चौधरी, राकेश सिंह, सुशील यादव, रामअचल यादव आदि मौजूद रहे।