फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: प्रिंस बनकर शादी करने वाला साहिल व उसकी मां-बहन गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली गोल्डी साकेत (20) की मौत के मामले में कौंधियारा पुलिस ने तीन नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ धर्मांतरण समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल, उसकी मां कुरैशा और बहन जुगनू को गिरफ्तार कर लिया। अन्य चार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन

रीवा के गोविंदगढ़ स्थित तमरी गांव निवासी तीरथ साकेत की बेटी गोल्डी हैदराबाद की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं पर कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार का रहने वाला साहिल खान भी टेलरिंग शॉप में काम करता था। साहिल ने खुद को प्रिंस बताकर गोल्डी से नजदीकियां बढ़ा लीं। बातचीत आगे बढ़ी और दोनों ने हैदराबाद में मंदिर में शादी कर ली। कुछ समय बाद गोल्डी के सामने यह सच आया कि जिसे वह प्रिंस समझ रही थी, उसका असली नाम साहिल खान है। धोखे को लेकर दोनों में विवाद हुआ लेकिन साहिल ने उसे बहला-फुसलाकर मना लिया। बाद में मस्जिद में ले जाकर निकाह कर लिया।
आरोप है कि साहिल के घरवाले इस शादी से खुश नहीं थे। गोल्डी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। गोल्डी की संदिग्ध हालत में मौत होने के बाद ससुराल वालों ने उसे गुपचुप तरीके से दफना दिया। जब पीड़ित परिवार पुलिस के पास पहुंचा तो मौत की कोई स्पष्ट जानकारी दर्ज नहीं थी। मामले का खुलासा करने के लिए 35 दिन बाद कब्र से शव निकालकर हिंदू रीति से अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन

पीड़िता के पिता तीरथ साकेत ने कौंधियारा पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले अपनी पहचान छिपाकर बेटी से विवाह किया। बाद में कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बिना परिवार को सूचना दिए उसका शव दफना दिया गया। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।


भाजपा कार्यकर्ताओं संग थाने पहुंचा था परिवार
पीड़ित परिवार के समर्थन में भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता कौंधियारा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग के महामंत्री लालमणि तिवारी ने किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, बजरंग सेना के प्रदेश मंत्री कुंवर सुमंत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें