माघ मेला क्षेत्र का निरीक्षण करतेबिजली विभाग चेयरमैनआशीष गोयल। अमर उजाला।
- फोटो : shiv tripathi
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने मंगलवार को माघ मेला क्षेत्र में चल रहे विद्युत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड स्कैन की व्यवस्था को भी परखा। खुद मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर उसकी कार्यप्रणाली जांची। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्देश दिया कि माघ मेले में ऐसा प्रबंध करें कि किसी भी दशा में विद्युत दुर्घटना न हो।
अध्यक्ष ने मेला क्षेत्र के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से बिजली आपूर्ति की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि माघ मेला क्षेत्र में विद्युत दुर्घटना रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। इसके लिए नियमित रूप से उपकरणों की जांच सुनिश्चित की जाए।
डॉ. गोयल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अफसर यह देख लें कि बिजली संबंधी कार्य गुणवत्ता के मानक के अनुसार पूरे किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता भारत सिंह, माघ मेला के नोडल अधिकारी अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।